राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला: चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला यात्री, RPF जवान ने दौड़कर बचाई जान; VIDEO वायरल

Follow Us

राजनांदगांव। रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक यात्री की जान बच गई। राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक यात्री का पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच गिरने की स्थिति में पहुंच गया। तभी ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर खींच लिया। यह पूरा घटनाक्रम स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करता है, लेकिन अचानक उसका संतुलन बिगड़ जाता है। जैसे ही वह गिरने लगता है, प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ जवान तेजी से उसकी ओर बढ़ते हैं और समय रहते उसे पकड़कर सुरक्षित स्थान पर खींच लेते हैं।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 8 जुलाई को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर हुई। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव के स्टाफ द्वारा ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ के तहत यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवार ने अपनी सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए यात्री की जान बचाई। पूछताछ में यात्री की पहचान बृजेश सकुनिया (52 वर्ष), पिता महीबीर प्रसाद सकुनिया, निवासी हनुमान मंदिर पारा, झारसुगुड़ा (ओडिशा) के रूप में हुई। यात्री ने बताया कि वह गोंदिया जंक्शन से झारसुगुड़ा की यात्रा कर रहे थे।

यात्री के अनुसार, वह राजनांदगांव स्टेशन पर उतर गए थे। इसी दौरान जब ट्रेन दोबारा चलने लगी तो उन्होंने उसमें चढ़ने का प्रयास किया। इसी कोशिश में उनका पैर फिसल गया और वह गिरने लगे, लेकिन आरपीएफ जवान की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद यात्री ने रेलवे सुरक्षा बल के जवानों का आभार जताया। आरपीएफ की मदद से वह सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें। जल्दबाजी में उठाया गया एक कदम जानलेवा साबित हो सकता है। यात्रियों की सुरक्षा रेलवे और आरपीएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे ने यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 जारी किया है, जिस पर किसी भी आपात स्थिति में सहायता ली जा सकती है।