माहिरा खान ने 41 साल की उम्र में दी खुशखबरी, दूसरी बार बनने जा रही हैं मां

Follow Us

मुंबई। पाकिस्तानी अभिनेत्री माहिरा खान ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी बड़ी खुशखबरी सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ साझा की है। 41 वर्षीय एक्ट्रेस ने एक तस्वीर पोस्ट कर अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया। फोटो में वह सफेद रंग के ढीले गाउन में नजर आ रही हैं और उनका बेबी बंप दिखाई दे रहा है। माहिरा ने इस खास मौके पर सादगी भरा अंदाज रखा। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “हम योजनाएं बनाते हैं और फिर अल्लाह की योजना होती है।” पोस्ट सामने आते ही फैंस और चाहने वालों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया।

माहिरा की यह प्रेग्नेंसी उनके पति और बिजनेसमैन सलीम करीम के साथ अक्टूबर 2023 में हुई शादी के करीब तीन साल बाद सामने आई है। दोनों के लिए यह पहला बच्चा होगा, जबकि माहिरा दूसरी बार मां बनने वाली हैं। अभिनेत्री का पहले पति अली अस्करी से 17 साल का बेटा अज़लान है। अज़लान अपनी मां की शादी के दौरान भी उनके साथ मौजूद थे और शादी की रस्म में उन्होंने माहिरा का साथ दिया था।

काम की बात करें तो माहिरा खान इन दिनों टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 में नजर आई हैं। उन्होंने फेस्टिवल के ‘कम्युनिटी इम्पैक्ट’ कार्यक्रम के तहत एक बातचीत का संचालन किया और सिनेमा में अपने योगदान के लिए सम्मानित भी हुईं। ‘हमसफ़र’ से घर-घर में पहचान बनाने वाली माहिरा ने शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘रईस’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके अलावा वह ‘शहर-ए-ज़ात’, ‘सदके तुम्हारे’, ‘बिन रोये’, ‘सुपरस्टार’ और ‘द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट’ जैसे प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुकी हैं।