बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक पागल कुत्ते ने पूरे गांव में दहशत फैला दी। घटना डौंडी लोहारा थाना क्षेत्र के चिल्हाटीखुर्द गांव की है। जानकारी के अनुसार, पागल कुत्ता पहले मवेशियों और राहगीरों को निशाना बनाता रहा, जिससे ग्रामीण पहले से ही परेशान थे। लेकिन स्थिति तब गंभीर हो गई जब कुत्ते ने गांव में खेल रहे एक 4 साल के मासूम बच्चे पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि, कुत्ते ने बच्चे को करीब 17 जगहों पर काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लगातार हो रहे हमलों से आक्रोशित लोगों ने कुत्ते को पकड़कर पीट-पीटकर मार डाला। गांव में इस घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दहशत में आ गए। घायल बच्चे को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उसका उपचार कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पागल कुत्ता पिछले कई दिनों से इलाके में आतंक मचा रहा था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
