लोरमी पुलिस ने साइकिल चोरी के मामले का किया खुलासा

Follow Us

*आरोपी गिरफ्तार, चोरी की 07 साइकिलें बरामद*

मुंगेली। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत लोरमी पुलिस ने साइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की कुल 07 साइकिलें बरामद की हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में लोरमी पुलिस को सफलता मिली।

दुकान के बाहर खड़ी साइकिल हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रोशन सिंह राजपूत, निवासी वार्ड क्रमांक 09 मजगांव, थाना लोरमी ने 11 सितंबर 2026 को थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह रानीगांव लोरमी स्थित जय इलेक्ट्रॉनिक दुकान में काम करता है। 02 सितंबर 2026 को सुबह करीब 09:00 बजे वह अपनी साइकिल से दुकान पहुंचा और साइकिल को जोतपुरी स्वीट्स के पास खड़ा कर दिया।

शाम करीब 07:00 बजे काम खत्म होने के बाद जब वह साइकिल लेने पहुंचा तो साइकिल वहां नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 389/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए बेसिक पुलिसिंग एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना तखतपुर क्षेत्र के ग्राम बीजा (दैजा) निवासी संदिग्ध रमेश कुमार खुंटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने उक्त साइकिल चोरी करने के साथ-साथ लोरमी एवं अन्य स्थानों से 06 अन्य साइकिलें चोरी करना भी स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही एवं कब्जे से पुलिस ने कुल 07 साइकिलें बरामद कर जब्त कीं।

चोरी की बरामद साइकिलें
पुलिस द्वारा बरामद साइकिलों में—

  • ब्रीज कंपनी की हरे रंग की 22 इंच साइकिल।
  • हीरो कंपनी की हरे रंग की 22 इंच साइकिल।
  • हीरो कंपनी की हरे रंग की साइकिल।
  • हरे रंग की पुरानी साइकिल।
  • लाल रंग की रेंजर साइकिल।
  • ब्लास्टर कंपनी की लाल रंग की रेंजर साइकिल।
  • लाइनर कंपनी की हरे रंग की रेंजर साइकिल।
    शामिल हैं।

आरोपी रमेश कुमार खुंटे, पिता स्व. छोटू खुंटे, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम बीजा (दैजा), थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे 12 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया।

पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव (थाना प्रभारी लोरमी), प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, आरक्षक राजू साहू, रेखराम नेताम, युगल किशोर उपाध्याय एवं ईश्वर मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सतत रूप से त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।