रायपुर। राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनैजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिवाशा फाउंडेशन के चेयरमैन अनूप अग्रवाल को सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस गरिमामय समारोह में “लीड 36गढ़” कार्यक्रम की उल्लेखनीय सफलता और समाज के अंतिम पंक्ति के युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन की एडिशनल चीफ सेक्रेटरी आईएएस रिचा शर्मा रहीं, जबकि कलेक्टर गौरव सिंह और जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने “लीड 36गढ़” पहल की जमकर सराहना की। यह अभियान राज्य के उन वंचित, ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए उम्मीद की एक नई किरण बनकर उभरा है, जो संसाधनों के अभाव में सिविल सेवा का सपना देखने से कतराते थे। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभाशाली युवाओं का चयन कर उन्हें निःशुल्क उच्च स्तरीय कोचिंग और मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। इसकी सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि, इस वर्ष इस अभियान से जुड़े कई विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए डिप्टी कलेक्टर और डीएसपी जैसे प्रतिष्ठित पदों पर सफलता हासिल की है।
अधिकारियों ने इस मॉडल को सामाजिक समावेशन और नेतृत्व निर्माण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया। सम्मान ग्रहण करने के बाद यह रेखांकित किया गया कि सफलता की कहानियाँ लिखने वाले ये छात्र आज पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बन चुके हैं। शिवाशा फाउंडेशन और जिला प्रशासन के इस संयुक्त प्रयास ने साबित कर दिया है कि, यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो ग्रामीण अंचलों की प्रतिभा भी आसमान छू सकती है। उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने अनूप अग्रवाल के निस्वार्थ योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से ही आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक ढांचे में जमीनी स्तर से जुड़े अधिकारी नजर आएंगे।
