दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का रंगदारी नेटवर्क बेनकाब, 1 करोड़ की फिरौती मांगने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की साजिश रच रहे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन आरोपियों को रोहिणी जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के निर्देश पर बड़े व्यापारियों की रेकी कर रहे थे और धमकी देकर करोड़ों रुपये वसूलने की तैयारी में थे। जांच के अनुसार, एक मोबाइल शॉप संचालक को पहले 1 करोड़ रुपये की रंगदारी के लिए धमकी भरा कॉल आया था। इसके बाद धमकियों का सिलसिला बढ़ गया और रकम बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये तक कर दी गई। पीड़ित को डराने के लिए उसके घर की तस्वीरें और वीडियो भी भेजे गए थे।

मामले की जांच में जुटी रोहिणी पुलिस ने तकनीकी निगरानी, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव गोविंद, अभिनव सिंह और विवेक यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से तीन पिस्टल, 26 कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि, आरोपी इंटरनेट कॉलिंग और सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए विदेश में बैठे गैंग सदस्यों के संपर्क में थे। जांच में कई अन्य कारोबारियों की रेकी से जुड़े सुराग भी मिले हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े बाकी सदस्यों और मददगारों की तलाश में छापेमारी कर रही है।