खजुराहो की बदलेगी सूरत: 26 मई को जुटेंगे देशभर के सांसद-अफसर,केंद्रीय आयुष मंत्री देंगे 15 करोड़ की ‘डबल सौगात’

Follow Us

खजुराहो। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो को जल्द ही स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में दो बड़ी सौगातें मिलने जा रही हैं, जिससे पूरे बुंदेलखंड के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। खजुराहो में 15 करोड़ रुपए की भारी-भरकम लागत से 50 बिस्तरों वाले आधुनिक आयुष वेलनेस सेंटर की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही क्षेत्र के युवाओं के हुनर को निखारने के लिए ‘इलिट’ (ELITE) शिक्षण संस्थान को भी हरी झंडी दे दी गई है। यह अत्याधुनिक वेलनेस सेंटर न केवल स्थानीय लोगों के लिए बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा का एक बड़ा इंटरनेशनल हब बनेगा, जो पंचकर्म और नेचुरोपैथी जैसी सुविधाओं से लैस होगा।

क्षेत्रीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि इस वेलनेस सेंटर के शुरू होने से खजुराहो की वैश्विक ब्रांडिंग मजबूत होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के सैकड़ों नए अवसर पैदा होंगे। इस बड़ी सौगात के साथ ही मई के अंतिम सप्ताह में खजुराहो एक बड़े राष्ट्रीय आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। आगामी 26 और 27 मई को आयुष मंत्रालय की संसदीय स्टैंडिंग कमेटी की बेहद महत्वपूर्ण बैठक खजुराहो में आयोजित की जाएगी। इस वीवीआईपी बैठक में केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव के साथ देशभर के कई सांसद और शीर्ष अधिकारी शामिल होने पहुंच रहे हैं। राष्ट्रीय आयुष मिशन और मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयास से होने वाले इस आयोजन के अलावा, आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भी खजुराहो में एक भव्य काउंटडाउन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।