राजनांदगांव में जल जीवन मिशन की रफ्तार सुस्त, 107 में सिर्फ 77 पानी टंकियां बनीं, अधूरे काम छोड़ गायब हुए ठेकेदार

Follow Us

राजनांदगांव। जिले में जल जीवन मिशन की प्रगति धीमी पड़ गई है। तीन साल बाद भी योजना का कार्य शत-प्रतिशत पूरा नहीं हो सका है। राजनांदगांव ब्लॉक में प्रस्तावित 107 पानी टंकियों में से अब तक केवल 77 का निर्माण हुआ है, जबकि कई गांवों में पाइपलाइन और अन्य कार्य अधूरे पड़े हैं। वर्ष 2023 में शुरू हुई इस परियोजना के तहत जिले के 1,56,789 घरों को नल कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया था। अब तक 1,40,491 घरों तक ही कनेक्शन पहुंच पाया है, जबकि 16,298 घर अब भी इस सुविधा से वंचित हैं। जिले के 662 गांवों में से 180 गांवों में योजना का कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि भुगतान संबंधी विवाद के कारण कई ठेकेदार अधूरा काम छोड़कर चले गए हैं। इसके चलते निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है और ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। पीएचई विभाग का कहना है कि अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और निर्माण एजेंसियों को निर्देश जारी किए गए हैं।

विभाग ने 70 से अधिक ठेकेदारों के लाइसेंस निलंबित किए हैं, लेकिन कई स्थानों पर निर्माण अब भी बंद है। मूल्यांकन में अनियमितताओं के चलते भुगतान रोके जाने की बात भी सामने आई है। कई गांवों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, लेकिन टंकियों से कनेक्शन नहीं जोड़ा गया है। योजना पूरी होने के बाद इसके संचालन की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों को सौंपी जानी है, लेकिन जिले की 800 से अधिक ग्राम पंचायतों में अब तक एक भी पंचायत को औपचारिक रूप से कार्य हैंडओवर नहीं किया गया है।