कलेक्टर के औचक निरीक्षण में गैरहाजिर मिले जेल अधिकारी, कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

Follow Us

दुर्ग। जिला कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अभिजीत सिंह ने शनिवार को केंद्रीय जेल दुर्ग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल की विभिन्न शाखाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। वारंट शाखा में विचाराधीन मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने बंदियों की अधिक से अधिक वर्चुअल पेशी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रकरणों का शीघ्र निराकरण हो सके। साथ ही पीड़ित पक्ष को लंबित प्रतिकर राशि का भुगतान जल्द सुनिश्चित करने के लिए संबंधित समिति से प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जेल अस्पताल, कल्याण शाखा, उद्योग शाखा, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, एलईडी बल्ब उद्योग, पाकशाला, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, मुलाकात कक्ष, महिला प्रकोष्ठ, सीसीटीवी कक्ष, नव निर्मित बैरक एवं अस्पताल भवन सहित जेल परिसर की अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने जेल परिसर में संचालित गौशाला का निरीक्षण भी किया।

निरीक्षण के दौरान उप जेल अधीक्षक (उद्योग) अशोक कन्नौजिया निर्धारित समय पर अनुपस्थित मिले, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान जेल में 2,273 पुरुष बंदी तथा 134 महिला बंदी (5 बच्चों सहित) निरुद्ध पाए गए। निरीक्षण के समय डिप्टी कलेक्टर सोनाल डेविड, एसडीएम दुर्ग शहर प्रफुल्ल कुमार गुप्ता एवं जेल अधीक्षक मनीष संभाकर भी मौजूद रहे।