बॉक्स ऑफिस पर मचेगा गदर! आदित्य धर और रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ जुगलबंदी के लिए हो जाइए तैयार, इस दिन से फ्लोर पर आएगी फिल्म

Follow Us

मुंबई। आदित्य धर और रणवीर सिंह की जोड़ी ने ‘धुरंधर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी बनाई है। जिसके अंतर्गत ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ जैसी सफल फिल्में बनी हैं। अब एक बार फिर आदित्य धर और रणवीर सिंह की जोड़ी एक नई फिल्म लेकर आने की तैयारी में है। पिंकविला की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आदित्य धर एक नई फिल्म बनाने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, फिल्म अभी शुरुआती चरण में है और रणवीर सिंह को मुख्य भूमिका के लिए सबसे आगे माना जा रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि आदित्य धर का लक्ष्य इस फिल्म की शूटिंग मार्च 2027 तक शुरू करना है। आपको बता दें की एक सूत्र के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है, ‘आदित्य धर को एक आइडिया आया है और वो फिलहाल उस पर काम कर रहे हैं। वो फिल्म के आइडिया और कहानी को लेकर काफी उत्साहित हैं। फिल्म की शूटिंग मार्च 2027 तक शुरू करने की योजना बना रहे हैं।’

वहीं रिपोर्ट में कहा गया है कि यह फिल्म एक बड़े स्तर पर बनाने की तैयारी की जा रही है। रणवीर सिंह इस भूमिका के लिए सबसे पसंदीदा उम्मीदवार के रूप में उभरे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि वो फिल्म के लिए पूरी तरह से फिट बैठते हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ अपने छठे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर बनी हुई है। फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1100 करोड़ रुपए से ऊपर की कमाई कर चुकी है। जबकि वर्ल्डवाइड फिल्म का कलेक्शन 1,780 करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर चुका है। इससे पहले पिछले साल आई ‘धुरंधर’ भी बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी। अब आदित्य धर इस सफलता के बाद फिर से रणवीर सिंह के साथ मिलकर नई फिल्म को भी बड़े स्तर पर बनाने की तैयारी में हैं। फिलहाल फैंस को फिल्म की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।