बस्तर-दुर्ग में बरसे बदरा: रायपुर में खिली तीखी धूप, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून के तेवर लगातार बदल रहे हैं। एक तरफ जहाँ बस्तर और दुर्ग संभाग के जिलों में बादलों की मेहरबानी से झमाझम बारिश दर्ज की गई, वहीं राजधानी रायपुर में खिली तेज धूप ने लोगों को उमस और गर्मी से बेहाल कर दिया। बीते शुक्रवार को बीजापुर 11 सेमी बारिश के साथ प्रदेश में सबसे ज्यादा भीगा, जबकि राजधानी रायपुर 33.2°C अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य हिस्सों में हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो भैरमगढ़ और औंधी में 8 सेमी, सुकमा में 7 सेमी, जबकि छोटेडोंगर, बड़े बचेली, दोरनापाल और गीदम में 5 से 6 सेमी तक वर्षा हुई। इसके अलावा मानपुर, भोपालपटनम, डोंगरगढ़ और डौंडी समेत कई अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बौछारें पड़ीं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिम विदर्भ और दक्षिणी मध्य प्रदेश के ऊपर बना गहरा ‘अवदाब’ (Deep Depression) अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। हालाँकि, मानसून द्रोणिका (Monsoon Trough) के असर से प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।