दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने नशा कारोबारियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक अंतर्राज्यीय तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ ‘डोडा चूरा’ बरामद किया गया है, जिसे वह इलाके में खपाने की फिराक में था। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से स्थानीय नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, पदमनाभपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि बोरसी चौक स्थित शीतला मंदिर के पास एक संदिग्ध युवक बैग लेकर घूम रहा है और ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेंद्र बिश्नोई (24 वर्ष) निवासी फलोदी, राजस्थान बताया, जो वर्तमान में बोरसी के स्कूल चौक में रह रहा था।
पुलिस ने जब आरोपी के बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 12 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। जब्त किए गए इस नशे की बाजार में कीमत करीब 1 लाख 84 हजार 959 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही पुलिस ने 1500 रुपये नगद भी बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पदमनाभपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
