वैश्विक शांति की ओर बड़ा कदम: अमेरिका- ईरान 60 दिनों के संघर्ष विराम पर सहमत, खुलेगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज

Follow Us

वाशिंगटन। अंतरराष्ट्रीय राजनीति और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिहाज से एक बेहद बड़ी और राहत भरी खबर सामने आ रही है। अमेरिका और ईरान एक ऐतिहासिक समझौते के बेहद करीब पहुंच गए हैं। इस समझौते के तहत दोनों देशों के बीच 60 दिनों का संघर्ष विराम (सीजफायर) लागू होगा और दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक जलमार्गों में से एक, ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ कोदोबारा खोल दिया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने भी इस दिशा में सकारात्मक संकेत दिए हैं।

अमेरिकी वेबसाइट एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस 60 दिनों के समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य बिना किसी टोल शुल्क के खुला रहेगा। साथ ही, ईरान वहां बिछाई गई समुद्री बारूदी सुरंगों को हटाने पर भी सहमत हो गया है, ताकि अंतरराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही सामान्य हो सके। इसके बदले में अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर लगे प्रतिबंधों को हटाएगा, जिससे ईरान स्वतंत्र रूप से अपना तेल बेच सकेगा।

इस मसौदे में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार न बनाने की प्रतिबद्धता जताएगा और अपने यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम को रोकने पर बातचीत करेगा। इसके अलावा, इस डील के तहत इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच भी टकराव को रोकने का खाका तैयार किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों को उम्मीद है कि इस समझौते की आधिकारिक घोषणा जल्द ही की जा सकती है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था और तेल बाजार को बड़ी मजबूती मिलेगी।