नई दिल्ली। होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में भारतीय मरीन इंजीनियर हेरंब करमरकर की मौत हो गई। महाराष्ट्र के पुणे निवासी हेरंब साइप्रस के झंडे वाले मर्चेंट जहाज GFX Galaxy पर तैनात थे। जहाज ओमान तट के करीब से गुजर रहा था, तभी उस पर हमला हुआ।
घटना से कुछ समय पहले हेरंब ने अपने परिवार को संदेश भेजकर जानकारी दी थी कि जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुका है। इसके बाद परिवार से उनका संपर्क नहीं हो सका। बुधवार को परिजनों ने उनकी मौत की पुष्टि की। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, जहाज पर कई भारतीय नागरिक सवार थे। इनमें से 10 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक अन्य भारतीय नागरिक अभी भी लापता है। भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियां बचाव कार्य में लगातार जुटी हुई हैं।
हेरंब के ससुर ने केंद्र सरकार से अपील की है कि उनके पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाया जाए, ताकि परिवार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर सके। भारत सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास जहाज प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के साथ संपर्क में है। होर्मुज क्षेत्र में इससे पहले भी जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं के बाद भारत ने संबंधित पक्षों के सामने अपना विरोध दर्ज कराया है।
