पेरिस। पेरिस फैशन वीक 2026 के दौरान चैनल के स्प्रिंग/समर 2027 शो में तीन भारतीय मॉडल्स ने रनवे पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। 5 अक्टूबर को ग्रैंड पैलेस में हुए इस शो में भविथा मंडावा, लक्ष्मी मेनन और मोना भुजेल ने डिजाइनर मथ्यू ब्लाजी की कलेक्शन को अलग-अलग लुक्स के जरिए पेश किया। भविथा ने ब्लैक असिमेट्रिकल ड्रेस पहनी, जिसमें स्कल्प्चरल रोज मोटिफ और कट-आउट डिटेलिंग थी। आइस-ब्लू चैनल क्लच और मैचिंग एक्सेसरीज के साथ उनका लुक पूरा किया गया। वह चैनल की पहली भारतीय हाउस एंबेसडर के तौर पर भी जानी जाती हैं और इससे पहले मेट गाला 2026 में भी चैनल के लुक में नजर आ चुकी हैं।
लक्ष्मी मेनन ने शो में 61वें लुक को पेश किया। उन्होंने पर्ल-व्हाइट सिल्क ब्लाउज के साथ पिस्ता-ग्रीन स्कर्ट और क्लासिक चैनल ट्वीड जैकेट पहनी। गोल्ड डिटेलिंग, ज्वेल्ड बटन, व्हाइट बेल्ट और मैचिंग एक्सेसरीज ने उनके लुक को एलिगेंट टच दिया। वहीं मोना भुजेल ने चैनल रनवे पर डेब्यू किया। उन्होंने शीयर ब्लैक ब्लाउज को गिंगहम स्कर्ट और जैकेट के साथ स्टाइल किया था। लेदर बेल्ट, चैनल बैग और एंकल बूट्स ने उनके आउटफिट को पूरा किया। भविथा और लक्ष्मी जैसे स्थापित नामों के साथ मोना की एंट्री को भी फैशन जगत में खास माना गया।
मथ्यू ब्लाजी की इस कलेक्शन में गैब्रिएल “कोको” चैनल की स्टाइल विरासत से प्रेरणा लेते हुए पारंपरिक पहचान को नए सिलुएट और टेक्सचर के साथ पेश किया गया। शो में अंतरराष्ट्रीय सितारों की भी मौजूदगी रही, जिनमें निकोल किडमैन, पेड्रो पास्कल, दुआ लीपा, आयो एडेबिरी, मैरियन कोटियार्ड और एलेक्सा डेमी शामिल थे। भारतीय गायिका कनिका कपूर भी शो का हिस्सा बनीं। एक ही चैनल शो में तीन भारतीय मॉडल्स के रनवे पर नजर आने से भारतीय और दक्षिण एशियाई प्रतिनिधित्व को लेकर भी चर्चा हुई। भविथा, लक्ष्मी और मोना ने अपने अलग-अलग स्टाइल के जरिए ग्लोबल फैशन मंच पर भारतीय मॉडलिंग की विविधता को सामने रखा।
