चेरपाल पीएचसी को राष्ट्रीय NQAS गुणवत्ता प्रमाणन, 92.11 प्रतिशत स्कोर हासिल

Follow Us

बीजापुर। जिले में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एएएम-पीएचसी) चेरपाल को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (NHSRC), नई दिल्ली के National Quality Assurance Standards (NQAS) के तहत राष्ट्रीय स्तर का गुणवत्ता प्रमाणन मिला है।

राष्ट्रीय स्तर पर हुए बाह्य मूल्यांकन में चेरपाल पीएचसी ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े छह विभागों के निर्धारित गुणवत्ता मानकों को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए 92.11 प्रतिशत का ओवरऑल स्कोर हासिल किया। यह उपलब्धि स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षित, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रदर्शन दर्शाती है। कलेक्टर विश्वदीप और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी के नेतृत्व में जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ बेहतर उपचार, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने चेरपाल पीएचसी की इस उपलब्धि को टीमवर्क, बेहतर प्रबंधन, सेवाओं की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुधार के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया है। इस उपलब्धि पर डीपीएम, बीएमओ, बीपीएम, पीएचसी प्रभारी, प्रशासनिक टीम सहित एएएम-पीएचसी चेरपाल के अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई दी गई। राष्ट्रीय NQAS प्रमाणन से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में भी निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुरक्षित और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।