जगदलपुर। बस्तर में हालिया बाढ़ से हुए नुकसान को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा को पत्र भेजा है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए विशेष राहत एवं मुआवजा पैकेज, पुनर्वास और नुकसान का सर्वे कराने की मांग रखी है। पत्र में कहा गया है कि ओडिशा के खातीगुड़ा बांध से पानी छोड़े जाने और क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ा, जिससे जगदलपुर के कई इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी। उन्होंने फसल, मकान, पशुधन और छोटे कारोबार से जुड़े नुकसान के आधार पर प्रभावितों को सहायता देने की मांग की है। साथ ही खरीफ फसल के नुकसान के लिए विशेष राहत, क्षतिग्रस्त मकानों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना में प्राथमिकता और प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने का आग्रह किया है।
किरण देव ने जोरा नाला के लिए नए सिरे से डीपीआर तैयार करने की जरूरत बताते हुए आधुनिक हाइड्रोलॉजिकल अध्ययन कराने का सुझाव दिया है। उन्होंने जलप्रवाह नियंत्रण के लिए गेटेड रेगुलेटर, बाढ़ प्रबंधन योजना और कैचमेंट क्षेत्र के विकास की मांग की। इसके अलावा इंद्रावती बेसिन में पौधरोपण, मृदा संरक्षण और कंटूर ट्रेंचिंग, जगदलपुर में एकीकृत स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम तथा संवेदनशील नदी किनारे के क्षेत्रों में तटबंध बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने खातीगुड़ा बांध से पानी छोड़े जाने की जानकारी और रियल-टाइम टेलीमेट्री डेटा छत्तीसगढ़ के साथ साझा करने की व्यवस्था के साथ सेंसर आधारित चेतावनी प्रणाली विकसित करने की मांग भी की। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के भौतिक सत्यापन के लिए केंद्रीय टीम भेजने और विशेष बस्तर बाढ़ राहत एवं पुनरुद्धार पैकेज स्वीकृत करने का आग्रह भी पत्र में किया गया है। हालिया बाढ़ के दौरान बस्तर में बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया था।
