खबर का असर: संलग्नीकरण पर बड़ी कार्रवाई, 17 शिक्षक-कर्मचारियों को मूल स्कूलों में भेजा गया वापस

Follow Us

गरियाबंद। शिक्षा विभाग में लंबे समय से चल रहे संलग्नीकरण (अटैचमेंट) के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मीडिया में मामला सामने आने के बाद 17 शिक्षक-कर्मचारियों को उनकी मूल पदस्थ संस्था में वापस भेजने के आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, सभी संबंधित शिक्षक-कर्मचारियों को तत्काल अपनी मूल संस्था में पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करना होगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी बीईओ, प्राचार्यों और कार्यालय प्रमुखों को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि मूल संस्था में कार्यभार ग्रहण करने के बाद ही संबंधित कर्मचारियों का अगले माह का वेतन जारी किया जाएगा।

गौरतलब है कि शिक्षा मंत्री ने 26 जून को संलग्नीकरण समाप्त करने के निर्देश दिए थे, लेकिन गरियाबंद जिले में इस प्रक्रिया की रफ्तार धीमी रही। इसके विरोध में कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आदेश का पालन कराने की मांग की थी और कार्रवाई नहीं होने पर चक्का जाम की चेतावनी भी दी थी।

इसके बाद देवभोग बीईओ ने 17 शिक्षक-कर्मचारियों का संलग्नीकरण समाप्त कर उन्हें उनकी मूल शालाओं में वापस भेजने का आदेश जारी किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि सभी संलग्न शिक्षक-कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से मूल स्कूलों में भेजा जाएगा। आदेश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।