बारुईपुर। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के चर्चित बारुईपुर रेप-मर्डर मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या का मुख्य आरोपी प्रभास मंडल पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यह मामला 4 जुलाई को बच्ची के लापता होने के बाद सामने आया था। अगले दिन सूर्यपुर हाट इलाके के एक तालाब से उसका शव बोरी में बरामद हुआ। प्रारंभिक पीएम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। रिपोर्ट में यह भी संकेत मिले हैं कि बच्ची तालाब में फेंके जाने से पहले जीवित थी और उसके फेफड़ों में पानी मिला था। पुलिस अब फॉरेंसिक और विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। लोगों ने विरोध प्रदर्शन, आगजनी और तोड़फोड़ की, जबकि पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
