रायपुर। राजधानी में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। गुढ़ियारी के दिवाकर अस्पताल से जुड़े डॉक्टर डॉ. खिर सिंधु महानंद, पुरुष नर्स प्रकाश कुमार कौरव और कृतिका के लिव-इन पार्टनर अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पिछले 11 महीनों में 23 नवजात बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। जांच के दौरान अस्पताल के रिकॉर्ड में भी गड़बड़ी सामने आई है। अस्पताल में इस साल जनवरी से अब तक केवल तीन प्रसव दर्ज होने के बावजूद 26 नवजात बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र जारी किए गए। इससे पहले पुलिस इस मामले में कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार कर चुकी है।
इस पूरे मामले की परतें ओडिशा के सुंदरगढ़ की एक गर्भवती महिला की शिकायत के बाद खुलीं। आरोप है कि महिला को बिना खर्च प्रसव कराने का भरोसा देकर रायपुर बुलाया गया था। अस्पताल में बच्चे के जन्म के बाद उसके नवजात शिशु का आठ लाख रुपये में सौदा करने की कोशिश की गई। महिला ने अपना बच्चा देने से मना किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे बंधक बना लिया और पैसों की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। जांच एजेंसी को संदेह है कि यह गिरोह पिछले तीन से चार वर्षों से सक्रिय था और इस अवधि में 100 से अधिक बच्चों की खरीद-बिक्री की गई हो सकती है। हालांकि, फिलहाल पुलिस ने अस्पताल के एक साल के दस्तावेजों की जांच की है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह नवजात शिशुओं के लिए लिंग और अन्य विशेषताओं के आधार पर कीमत तय करता था। आरोप है कि बच्ची के बदले चार से पांच लाख रुपये और बच्चे के लिए छह से आठ लाख रुपये तक वसूले जाते थे। नवजात का रंग अधिक गोरा होने पर रकम बढ़ा दी जाती थी। गिरोह के सदस्य आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं, अविवाहित युवतियों और पारिवारिक परिस्थितियों से परेशान महिलाओं को निशाना बनाते थे। उन्हें प्रसव कराने का झांसा देकर अस्पताल लाया जाता था। आरोप है कि बच्चों को सौंपने के बदले माताओं को महज 40 से 50 हजार रुपये दिए जाते थे। वहीं, अविवाहित गर्भवती युवतियों से उनकी पहचान उजागर न करने के नाम पर पैसे मांगने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस के अनुसार, नवजात बच्चों को गुजरात के अहमदाबाद, राजस्थान के विभिन्न शहरों, महाराष्ट्र और तेलंगाना तक पहुंचाया गया।
अस्पताल की भूमिका की जांच में पुलिस को कथित फर्जी दस्तावेजों के सुराग मिले हैं। आरोप है कि डॉक्टर बिना अस्पताल में भर्ती किए ही नवजात के खरीदार के नाम पर सील लगाकर डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था और इसे कृतिका साहू को दे देता था। पुलिस ने अस्पताल से एक रजिस्टर, पीड़िता के इलाज से जुड़े दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड जब्त किए हैं। डीसीपी वेस्ट रॉबिंसन गुड़िया ने बताया कि जब्त रजिस्टर में 23 बच्चों के फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाए जाने की जानकारी मिली है। प्रमाणपत्रों में दर्ज दंपतियों की पहचान और अन्य जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, इन प्रमाणपत्रों में दूसरे राज्यों के दंपतियों के नाम दर्ज हैं। पुरुष नर्स प्रकाश कुमार कौरव पर अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कमजोर आर्थिक स्थिति वाली महिलाओं को तलाशने और प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचाने का आरोप है, जबकि अश्वनी शर्मा कथित तौर पर सौदे की रकम का लेन-देन संभालता था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस ने मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई है।
