सप्रे स्कूल परिसर में अवैध पार्किंग से बढ़ी परेशानी, बारिश में छात्र-अभिभावक हुए बेहाल

Follow Us

रायपुर। राजधानी के आत्मानंद उत्कृष्ट माधवराव सप्रे विद्यालय परिसर में अवैध पार्किंग के कारण छात्रों, अभिभावकों और ऑटो चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान यह समस्या और गंभीर हो गई, जिससे स्कूल आने-जाने वालों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं।

बताया जा रहा है कि स्कूल प्रबंधन ने परिसर के आधे हिस्से को तार से घेर दिया है, जिससे आवाजाही का रास्ता संकरा हो गया है। वहीं, कर्मचारी भवन और अन्य कार्यालयों में आने वाले लोग स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार के पास ही चारपहिया वाहन खड़े कर देते हैं। कार्यालय बंद रहने के बाद भी वाहन पूरे दिन परिसर में खड़े रहते हैं, जिससे छात्रों और अभिभावकों की आवाजाही प्रभावित होती है।

बुधवार दोपहर सुबह पाली की छुट्टी और दोपहर पाली के विद्यार्थियों के स्कूल पहुंचने के समय बारिश के बीच अवैध पार्किंग के कारण अव्यवस्था का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से स्कूल के लिए अलग प्रवेश द्वार की व्यवस्था करने तथा अवैध पार्किंग पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।