बारिश का कहर: महानदी उफान पर, सालों बाद बाबा कुलेश्वर नाथ मंदिर तक पहुंचा पानी; कई मार्ग प्रभावित

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के कारण कई इलाकों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसका असर गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध राजिम धाम में भी देखने को मिला, जहां महानदी का पानी वर्षों बाद त्रिवेणी संगम स्थित बाबा कुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर तक पहुंच गया। गरियाबंद में लगातार करीब 60 घंटे से हो रही बारिश और सिकासेर जलाशय से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

भारी बारिश के कारण पैरी नदी भी उफान पर है, जिससे नेशनल हाईवे-130 सी पर यातायात प्रभावित हुआ है। पंटोरा के पास जलभराव के चलते रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर कई वाहन फंस गए, जिसके बाद प्रशासन ने सुरक्षा के लिए बैरिकेड लगाकर आवाजाही रोक दी। वहीं दंतेवाड़ा जिले में भी बारिश का असर देखने को मिला। भैरमगढ़ के पातरपारा में पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हुई। राजधानी रायपुर में भी लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। खारुन नदी का पानी महादेव घाट पुल तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।