दूसरी युवती से बात करने पर पत्नी ने टोका तो भड़का पति, तीन दिन तक बंधक बनाकर पीटने का आरोप

Follow Us

रामानुजगंज। रामानुजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कनकपुर में पति द्वारा पत्नी को तीन दिनों तक बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पत्नी के परिजनों का आरोप है कि पति द्वारा किसी दूसरी युवती से बातचीत करने पर पत्नी ने टोका-टाकी की थी, जिससे नाराज होकर पति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के चौथे दिन कथित रूप से सास-ससुर ने भी उसके साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल महिला को पुलिस की मदद से घर से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम कनकपुर निवासी अली अहमद की शादी गुलशन आरा (21 वर्ष) से हुई है। दोनों की करीब डेढ़ वर्ष की एक बच्ची भी है। गुलशन आरा ने बताया कि 2 अक्टूबर को उसने अपने पति को किसी दूसरी युवती से बातचीत करते देखा था। इस पर उसने पति को टोका, जिसके बाद पति कथित रूप से आगबबूला हो गया और उसी दिन से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा ने आसान की अंदरूनी इलाकों की राह

गुलशन के अनुसार 4 अक्टूबर को मारपीट और भी गंभीर हो गई। आरोप है कि पति के साथ-साथ सास और ससुर ने भी उसके साथ मारपीट की। महिला के गर्दन पर गंभीर चोट पहुंचाने के साथ ही उसके मुंह में कपड़ा ठूंसने और छाती पर जूते पहनकर चढऩे जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। इधर, मोहल्ले के लोगों को जब महिला के साथ लगातार मारपीट की जानकारी हुई तो उन्होंने उसके बड़े पिताजी एवं अन्य परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन बरगढ़-उगरा क्षेत्र से ग्राम कनकपुर पहुंचे। आरोप है कि वहां उन्हें महिला से मिलने नहीं दिया गया और कथित रूप से घर से भगा दिया गया। इसके बाद परिजनों ने रामानुजगंज थाने पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने एक ही कार में की यात्रा

परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस बल उनके साथ ग्राम कनकपुर पहुंचा और गुलशन आरा को वहां से बाहर निकालकर रामानुजगंज थाने लाया गया। इसके बाद महिला को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए तत्काल अंबिकापुर रेफर कर दिया।
घटना को लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट एवं अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यक होने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।