हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला सेशन कोर्ट परिसर में सोमवार सुबह उस समय भारी हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई, जब एक शख्स सरेआम लोडेड बंदूक और दो जिंदा कारतूस लेकर कोर्ट परिसर के भीतर दाखिल हो गया। आरोपी की पहचान भोरंज क्षेत्र के रहने वाले रमन कुमार के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी के साथ चल रहे घरेलू हिंसा के एक मामले की पेशी के लिए कोर्ट पहुंचा था।
घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। आरोपी परिसर में बंदूक लेकर बैठा हुआ था, तभी वहां मौजूद उप पुलिस अधीक्षक (DSP) की नजर उस पर पड़ी। जब अधिकारी पूछताछ के लिए उसके पास पहुंचे, तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच आरोपी रमन कुमार ने दुस्साहस दिखाते हुए सीधे डीएसपी पर ही अपनी गन तान दी। स्थिति को बिगड़ता देख डीएसपी और वहां तैनात अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत फुर्ती दिखाई और कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को दबोचकर उसकी बंदूक जब्त कर ली। इसके बाद आरोपी को सदर थाने की टीम के हवाले कर दिया गया।
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर ठाकुर ने बताया कि मुस्तैद पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, कोर्ट जैसे अति संवेदनशील और मुख्य द्वार पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती वाले इलाके में एक शख्स का हथियार के साथ अंदर घुस जाना वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच कर रही है।
