भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एनएच-719 पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा गोहद के छीमका गांव के पास उस समय हुआ, जब मजदूरों से भरी पिकअप की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार मजदूर ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई का काम पूरा कर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक मवेशी आने के बाद चालक ने वाहन को बचाने के लिए मोड़ने की कोशिश की, इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि, पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना के बाद एनएच-719 की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क को फोरलेन बनाने की मांग फिर जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों, मवेशियों और टू-लेन सड़क के कारण यहां लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
चुनावी उम्मीदवारों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: केस वापसी से पहले हाई कोर्ट की मंजूरी जरूरी
