बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने राज्य के सांसदों और विधायकों के खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में विभिन्न जिलों की अदालतों में लंबित मामलों की सुनवाई की वर्तमान स्थिति और आगामी तिथियों का उल्लेख किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ दर्ज सीबीआई प्रकरण में सोमवार, 28 जुलाई को रायपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में सुनवाई हो रही है। वर्ष 2018 में दर्ज इस मामले में भूपेश बघेल के अलावा कैलाश मुरारका, विजय पांड्या, विनोद वर्मा और विजय भाटिया भी आरोपी हैं। सीबीआई ने इस प्रकरण में आपराधिक षड्यंत्र, जालसाजी और जाली दस्तावेज के उपयोग सहित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
हाईकोर्ट की रिपोर्ट में रायपुर, बिलासपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम सहित विभिन्न जिलों में लंबित मामलों की स्थिति भी साझा की गई है। विधायक देवेंद्र यादव से जुड़े प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के मामले में 17 जुलाई 2026 को सुनवाई निर्धारित थी, जबकि विधायक कवासी लखमा के ईडी मामले में 25 जुलाई 2026 को सुनवाई हुई। वहीं एसीबी से जुड़े प्रकरण में उनकी 1 जुलाई को अदालत में पेशी हुई थी।
इसके अलावा विधायक अटल श्रीवास्तव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईपीसी की धाराओं के तहत दर्ज मामले में साक्ष्य के लिए 4 अगस्त 2026 की अगली तिथि तय की गई है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि ऐसी अद्यतन रिपोर्ट जारी करने का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों की नियमित निगरानी और समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित करना है।
