खैरागढ़। जिले के बैगा टोला गांव में मंगलवार को खेत में काम कर रहे एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 43 वर्षीय महेश वर्मा के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, महेश वर्मा मंगलवार को अपने खेत में जोताई कर रहे थे। इसी दौरान खेत में बोरवेल के लिए बिछाई गई बिजली लाइन के संपर्क में आने से उन्हें तेज करंट लग गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर खेत में गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें खैरागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बोरवेल की बिजली लाइन के संपर्क में आना बताया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
