जशपुर में 11.83 करोड़ से बनेगा हाईटेक बस स्टैंड, एक साथ खड़ी हो सकेंगी 40 बसें

Follow Us

जशपुरनगर। शहर में यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की लागत से हाईटेक बस स्टैंड बनाया जाएगा। करीब तीन एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस बस टर्मिनल को स्वीकृति मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया जारी है। वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार में प्रस्तावित बस स्टैंड पर एक साथ 35 से 40 बसें खड़ी हो सकेंगी। यहां यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, 40 दुकानें, लिफ्ट, आधुनिक शौचालय और डिजिटल सूचना स्क्रीन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले में परिवहन अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

जशपुर जिला मुख्यालय के बस स्टैंड से प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है। इनके माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों के लिए यात्री सफर करते हैं। प्रतिदिन पांच हजार से अधिक यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए लंबे समय से आधुनिक बस स्टैंड की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए टर्मिनल में बसों के आवागमन की डिजिटल जानकारी और यात्रियों के बैठने की बेहतर व्यवस्था होगी। इसके साथ ही कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड बनाए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं से जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।