रायपुर रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य अभियान, 38 कर्मचारियों की जांच; 10 में हाई बीपी और डायबिटीज की पहचान

Follow Us

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के मंडलीय रेलवे चिकित्सालय द्वारा रायपुर रेलवे स्टेशन पर बहुउद्देशीय स्वास्थ्य अभियान (एमपीएचडी) का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक दयानंद के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.पी.एस. कासीपथी के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण देना था।

अभियान में कुल 38 रेलवे कर्मचारियों (23 पुरुष और 15 महिला) ने भाग लिया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 6 कर्मचारी उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) और 4 कर्मचारी मधुमेह (डायबिटीज) से प्रभावित पाए गए। सभी कर्मचारियों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई।

इस दौरान डॉ. प्रेरणा बघेल ने स्टेशन कर्मचारियों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) और आपातकालीन प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण मॉडल (मैनिकिन) पर सीपीआर का प्रदर्शन कर प्रतिभागियों से अभ्यास भी कराया गया, ताकि आपात स्थिति में वे प्रभावी ढंग से जीवनरक्षक सहायता प्रदान कर सकें।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के स्वास्थ्य अभियान कर्मचारियों में जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की समय पर पहचान, स्वास्थ्य जागरूकता और आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर प्रतिक्रिया देने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अभियान के सफल आयोजन में डॉ. प्रेरणा बघेल, कामिनी कंचन, देवचरण और तोमेश कुमार सहित मंडलीय रेलवे चिकित्सालय की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।