भोपाल की खूबसूरती ने जीता दिल, ‘मुसाफिर कैफे’ में दिखीं झीलों और जंगलों की शानदार झलक

Follow Us

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल अपनी झीलों, हरियाली और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए हमेशा से पर्यटकों को आकर्षित करती रही है। अब वेब सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ के जरिए शहर की खूबसूरती एक बार फिर लोगों के सामने आई है। उपन्यास पर आधारित इस सीरीज में चंदर, सुधा और प्रीति की कहानी दिखाई गई है, लेकिन इसकी शूटिंग लोकेशन भी दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। सीरीज में भोपाल के प्रसिद्ध स्थलों जैसे भोजताल, मानव संग्रहालय और वन विहार की खूबसूरत झलक देखने को मिलती है।

 

भोपाल का भोजताल, जिसे बड़ा तालाब भी कहा जाता है, शहर की पहचान है। 11वीं शताब्दी में राजा भोज द्वारा बनवाया गया यह तालाब आज भी पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है। यहां बोटिंग, क्रूज राइड और खूबसूरत नजारों का आनंद लिया जा सकता है। वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में भारत की जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझने का मौका मिलता है।

दूसरी ओर, वन विहार राष्ट्रीय उद्यान शहर के बीचों-बीच प्रकृति और वन्यजीवन का अनोखा अनुभव देता है। ‘मुसाफिर कैफे’ ने भोपाल की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को एक नए अंदाज में पेश किया है, जिससे शहर की पर्यटन पहचान और मजबूत हुई है।