कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सेनानी पेट्रोल पंप के पास बिलासपुर से कोरबा आ रही यात्रियों से भरी यादव बस और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे, जिनमें आधा दर्जन से अधिक लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं, बोलेरो में चार लोग सवार थे, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा दोनों वाहनों में सवार कई अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों के कारण बस और बोलेरो को पर्याप्त जगह नहीं मिल पाई, जिसके चलते दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और प्रशासन की टीम क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल करने में जुटी रही। फिलहाल सभी घायलों का इलाज कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

