मनेंद्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खड़गवां थाना क्षेत्र के ग्राम मंगोरा में खेतों के बीच गुपचुप तरीके से की जा रही गांजे की खेती का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी, जहां अन्य फसलों के बीच बड़ी चालाकी से गांजे के पौधे लगाए गए थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से गांजे के 36 पौधे बरामद किए।
कार्रवाई के दौरान सर्वजीत नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि, आरोपी लंबे समय से खेत में छिपकर गांजे की खेती कर रहा था ताकि किसी को शक न हो। इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खेतों के बीच लहरा रहे गांजे के पौधे साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। गौरतलब है कि, NDPS एक्ट के तहत गांजे की खेती और तस्करी गंभीर अपराध मानी जाती है, जिसमें कठोर सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान है।
