रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर राज्यपाल रमेन डेका ने दी श्रद्धांजलि

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर लोकभवन में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। राज्यपाल ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया था।

रानी लक्ष्मीबाई का जन्म 19 नवंबर 1828 को वाराणसी में हुआ था। उनका बचपन का नाम मणिकर्णिका था और उन्हें प्यार से मनु कहा जाता था। बचपन से ही उन्होंने शास्त्रों के साथ शस्त्रों की शिक्षा भी प्राप्त की थी। वर्ष 1842 में उनका विवाह गंगाधर राव नेवालकर से हुआ, जिसके बाद वे झांसी की रानी बनीं। स्वतंत्रता संग्राम में उनके अद्वितीय योगदान और वीरता को देश आज भी सम्मान और गर्व के साथ याद करता है।