रायपुर। सैनिक स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। इस दौरान विद्यार्थियों ने उनके साथ बातचीत की और विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। राज्यपाल ने बच्चों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन, आत्मसंयम और निरंतर मेहनत को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल में पढ़ना विद्यार्थियों के लिए विशेष अवसर है, जहां पढ़ाई के साथ अनुशासन, समय प्रबंधन तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जाता है।
राज्यपाल ने कहा कि आज के दौर में पढ़ाई, नौकरी और करियर को लेकर युवाओं पर तनाव बढ़ रहा है। ऐसी परिस्थितियों में अपनी क्षमताओं को पहचानना और उपलब्ध संसाधनों में संतुष्ट रहकर आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने मन पर नियंत्रण रखने और अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाने की सलाह दी। उनके अनुसार अनुशासन जीवन में सफलता की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार मेहनत जरूरी है। इसलिए पहले अपना लक्ष्य तय करें और उसे पूरा करने के लिए पूरी लगन के साथ प्रयास करें। राज्यपाल ने बच्चों को माता-पिता और शिक्षकों की सलाह ध्यान से सुनने के साथ किसी भी निर्णय में अपने विवेक और तर्क का इस्तेमाल करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी सोचने और समझने की क्षमता को हमेशा सक्रिय रखना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने राज्यपाल से उनके व्यक्तिगत जीवन, करियर और सार्वजनिक जीवन से जुड़े सवाल किए। राज्यपाल ने सहजता से सभी प्रश्नों के उत्तर दिए और अपने संवैधानिक दायित्वों के साथ सार्वजनिक जीवन के अनुभव भी साझा किए। इसके बाद सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों को लोक भवन का भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक भी उपस्थित रहे।

