हैरी पॉटर फैंस के लिए खुशखबरी! असल जिंदगी में करें हॉगवर्ट्स एक्सप्रेस जैसा जादुई सफर, जानें कहां चलती है ये ट्रेन

Follow Us

नई दिल्ली। हैरी पॉटर की जादुई दुनिया का हिस्सा बनने का सपना देखने वाले फैंस के लिए एक खास मौका है। भले ही असली दुनिया में हॉगवर्ट्स स्कूल और प्लेटफॉर्म 9¾ मौजूद नहीं हैं, लेकिन ऐसी ट्रेनें जरूर हैं जो आपको हॉगवर्ट्स एक्सप्रेस में सफर करने जैसा अनुभव दे सकती हैं।

स्कॉटलैंड में चलने वाली जैकोबाइट स्टीम ट्रेन हैरी पॉटर प्रेमियों के बीच काफी लोकप्रिय है। इस ट्रेन का लुक और सफर का अंदाज बिल्कुल फिल्म की हॉगवर्ट्स एक्सप्रेस जैसा एहसास कराता है। पहाड़ों, झीलों और खूबसूरत नजारों के बीच इसका सफर किसी जादुई यात्रा से कम नहीं लगता। यह ट्रेन स्कॉटलैंड के फोर्ट विलियम स्टेशन से अप्रैल से अक्टूबर के बीच संचालित होती है। यहां पहुंचने के लिए ग्लासगो से आसानी से यात्रा की जा सकती है। हालांकि यह किंग्स क्रॉस स्टेशन नहीं है, लेकिन आसपास का प्राकृतिक नजारा यात्रियों को मंत्रमुग्ध कर देता है।

इसके अलावा इंग्लैंड की नॉर्थ यॉर्कशायर मूर हिस्टोरिकल रेलवे भी हैरी पॉटर फैंस के लिए खास आकर्षण है। यह ट्रेन गोथलैंड स्टेशन पर रुकती है, जिसे फिल्मों में हॉग्समेड स्टेशन के रूप में दिखाया गया था। अमेरिका के फिलाडेल्फिया में भी विशेष हैरी पॉटर थीम वाली हॉगवर्ट्स एक्सप्रेस (Hogwarts Express) ट्रेन चलाई जाती है, जो प्रशंसकों को फिल्मी दुनिया का अनुभव देती है। अगर आप भी हैरी पॉटर के दीवाने हैं, तो ये ट्रेन यात्राएं आपको जादू, रोमांच और पुरानी यादों से भरी एक अनोखी यात्रा का अनुभव करा सकती हैं।