सुशासन तिहार 2026: सीएम साय की सख्त हिदायत-जनता से शालीनता और संवेदनशीलता से पेश आएं अधिकारी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चल रहे ‘सुशासन तिहार 2026’ के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि, वे आम जनता के साथ विनम्र, संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि, अधिकारी ही सरकार का चेहरा होते हैं, इसलिए उनका आचरण सीधे तौर पर शासन की छवि को प्रभावित करता है। सीएम ने जोर देते हुए कहा कि, लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि, वे सिर्फ औपचारिकता न निभाएं, बल्कि पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ हर शिकायत पर ध्यान दें। उनका कहना था कि, संवाद तभी सार्थक होता है, जब उसमें समाधान की भावना हो। साय ने यह भी स्पष्ट किया कि, योजनाओं की सफलता आंकड़ों से नहीं, बल्कि आम लोगों के अनुभव से तय होती है। इसलिए अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर जनता से सीधा संवाद करना चाहिए और उनकी जरूरतों के अनुसार काम करना चाहिए।

उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही को प्रशासन की आधारशिला बताया। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि, वे स्वयं सुशासन तिहार के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में औचक निरीक्षण करेंगे और न केवल कामकाज बल्कि अधिकारियों के व्यवहार की भी समीक्षा करेंगे। गौरतलब है कि, 1 मई से 10 जून तक प्रदेशभर में समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि हर नागरिक को सरल, सुलभ और भरोसेमंद प्रशासन मिल सके।