Gold Silver Prices: चांदी सस्ती, सोना भी फिसला, खरीदने से पहले जान लें लेटेस्ट रेट

Follow Us

हफ्ते की शुरुआत के साथ ही सर्राफा बाजार में सोना और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों और खरीदारों का ध्यान फिर से इस ओर गया है। राष्ट्रीय राजधानी में चांदी की कीमत में भारी गिरावट देखने को मिली, जहां यह करीब 1,800 सस्ती होकर 2,45,200 प्रति किलोग्राम (टैक्स सहित) पर पहुंच गई। इससे पहले यह 2,47,000 प्रति किलोग्राम के स्तर पर थी। वहीं, 24 कैरेट सोने की कीमत में भी गिरावट आई है। सोना 300 कमजोर होकर 1,55,000 प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जो पिछले सत्र में 1,55,300 पर कारोबार कर रहा था।

विशेषज्ञों के अनुसार, इस गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय कारण प्रमुख हैं। अमेरिका और ईरान के बीच हालिया वार्ता बेनतीजा रहने से वैश्विक बाजार में अनिश्चितता बढ़ी है। इसके चलते अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड में मजबूती आई, जिससे सोना-चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों पर दबाव बना। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इसका असर साफ दिखा। स्पॉट चांदी करीब 2% गिरकर 74.31 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि सोने की कीमत भी करीब 26 डॉलर गिरकर 4,722.26 डॉलर प्रति औंस रही।

विश्लेषकों का मानना है कि, निवेशकों द्वारा की गई प्रॉफिट बुकिंग भी इस गिरावट का बड़ा कारण है। हालांकि, शुरुआती गिरावट के बाद बाजार में हल्की रिकवरी के संकेत भी मिले हैं। गौरतलब है कि डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती के अवसर पर मंगलवार को बुलियन बाजार बंद रहेगा, जिससे आगे की ट्रेडिंग पर भी असर पड़ सकता है।