नई दिल्ली। आज यानी 6 मई 2026 को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना उछलकर 1,51,809 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया, जबकि चांदी 2,50,499 प्रति किलोग्राम तक जा पहुंची। मंगलवार को MCX पर सोना 1,49,838 पर बंद हुआ था, जबकि चांदी 2,44,420 पर रही थी। इस तरह एक ही दिन में सोना करीब 1,971 प्रति 10 ग्राम और चांदी में 6,079 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी देखने को मिली है।

विशेषज्ञों के अनुसार, इस तेजी के पीछे वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव में नरमी प्रमुख कारण है। मध्य पूर्व में हालात सामान्य होने के संकेत और अमेरिका द्वारा ईरान के साथ संभावित समझौते की दिशा में बढ़ते कदमों ने बाजार में अस्थिरता कम की है। इसके चलते निवेशकों का रुझान फिर से कीमती धातुओं की ओर बढ़ा है। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव ने भी सोने-चांदी को सपोर्ट दिया है। खास बात यह है कि, चांदी ने सोने की तुलना में अधिक तेज उछाल दिखाया है।देश के प्रमुख शहरों में भी रेट अलग-अलग रहे। भोपाल, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में सोना 1.51 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास रहा, जबकि चेन्नई में यह ₹1.53 लाख के पार पहुंच गया। फिलहाल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है और विशेषज्ञ निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।
