जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव अपने बस्तर प्रवास के दौरान संभाग मुख्यालय जगदलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का तूफानी निरीक्षण किया। महाराणा प्रताप चौक पर भव्य स्वागत के बाद डिप्टी सीएम सीधे पावर हाउस स्थित फिल्टर प्लांट और नयामुंडा के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओंका बारीकी से अवलोकन किया।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने धरमपुरा में 11 करोड़ रुपये की भारी लागत से बन रहे भव्य ‘नालंदा परिसर’ (लाइब्रेरी) के निर्माण कार्य का जायजा लिया। विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए वह छत्रपति शिवाजी वार्ड के पंडरीतरई तालाब पहुंचे, जहां चल रहे गहरीकरण और सौंदर्यीकरण के काम को देखा।
निरीक्षण के अंतिम चरण में अरुण साव ने प्रसिद्ध गंगामुंडा तालाब के पिछले हिस्से का दौरा किया। डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि गंगामुंडा तालाब का सौंदर्यीकरण होने से जगदलपुर में पर्यटन को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना स्थानीय नागरिकों के मनोरंजन के साथ-साथ बस्तर में विकास की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम साबित होगी। सरकार शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
