गावस्कर ने भारतीय टीम के रवैये को सराहा

Follow Us

नई दिल्ली। पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने धर्मशाला में बारिश से प्रभावित पहले वनडे में अफगानिस्तान के खिलाफ मुश्किल लक्ष्य को आसानी से हासिल करने के बाद भारत के टीम को प्राथमिकता देने के रवैए की प्रशंसा करते हुए कहा कि बल्लेबाजों ने मुकाबले को बेहद आसान बना दिया। बारिश से प्रभावित इस मैच को 25 ओवर का कर दिया गया था जिसे भारत ने सात विकेट से जीत कर तीन मैचों की सीरीज 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

केएल राहुल की तारीफ की
गावस्कर ने कहा कि लक्ष्य का पीछा करते समय केएल राहुल ने जिस तरह से बल्लेबाजी की उससे पता चलता है कि खिलाड़ी व्यक्तिगत उपलब्धियों के बजाय सामूहिक सफलता पर विश्वास करते हैं। गावस्कर ने कहा, जिया उर रहमान ने अपने अंतिम ओवर से पहले तीन ओवरों में सिर्फ 19 रन दिए थे। राहुल ने उस ओवर में 20 रन बनाए। तब शुभमन गिल को शतक पूरा करने के लिए 21 रन की जरूरत थी और टीम को जीत के लिए लगभग 30 रन चाहिए थे। ऐसे में राहुल ने मोर्चा संभाला। इससे पता चलता है कि खिलाड़ी व्यक्तिगत उपलब्धियों की बजाय टीम को अधिक महत्व देते हैं। यह इससे जुड़ा है कि प्रत्येक खिलाड़ी टीम के लिए क्या कर सकता है। 23वें ओवर में मैच जीतने से पता चलता है कि कितनी अच्छी तरह से लक्ष्य का पीछा किया गया। यह आसान लक्ष्य नहीं था लेकिन उन्होंने इसे आसान बना दिया क्योंकि उन्होंने टीम को प्राथमिकता दी।

भारत ने बनाई बढ़त
भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर तीन वनडे मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली। शनिवार को धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में बारिश ने खलल डाली थी, जिसकी वजह से मैच शुरू होने में देरी हुई। अंपायर्स ने ओवरों में कटौती के बाद मैच 25-25 ओवर कराने का फैसला लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान ने रहमानुल्लाह गुरबाज की शतकीय पारी की मदद से 24.5 ओवर में 10 विकेट पर 194 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 22.5 ओवर में तीन विकेट पर 195 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया के लिए शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेली। वह 66 गेंदों में 84 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, केएल राहुल भी 19 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 39 रनों की नाबाद पारी खेलने में कामयाब हुए।