रेलवे ओएचई और तांबा तार चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, चार आरोपी दबोचे

Follow Us

रायगढ़। थाना घरघोड़ा पुलिस ने रेलवे लाइन के ओएचई एवं तांबा तार चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 178 मीटर रेलवे तांबा तार और 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी से रेलवे तांबा तार चोरी के तीन मामलों और मोटरसाइकिल की डिक्की से नकदी चोरी के एक मामले का खुलासा हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू की टीम को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर ढोरम बायपास में घेराबंदी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे तांबा तार चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 178 मीटर तांबा तार बरामद किया गया। साथ ही उठाईगिरी की घटना से संबंधित 3 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रेलवे लाइन से चोरी किए गए तांबा तार और अन्य सामग्री को घूम-घूमकर खरीदने वाले फेरी कबाड़ियों को बेच देते थे। चोरी से मिली रकम को आपस में बांटकर शराब और अन्य खर्चों में उड़ा देते थे। कुछ चोरी का सामान मुस्कुरा जंगल में छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मनोज धनवार (28), शशिभूषण दास बैरागी (28), अजय धनवार (19) और लखन राठिया (20) शामिल हैं। सभी आरोपी थाना घरघोड़ा क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया है।