बलौदाबाजार। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवाएं देने में योगदान के लिए 10 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को ‘कॉप ऑफ द मंथ’ चुना गया है। बुधवार को पुलिस कार्यालय में एसपी गौरव राय ने सभी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित पुलिसकर्मियों में निरीक्षक परिवेश तिवारी और प्रवीण मिंज, उप निरीक्षक शेख करीमुद्दीन कुरैशी और संदीप बंजारे, सहायक उपनिरीक्षक कुलमणी बारीक तथा आरक्षक प्रवीण यादव, रूपेश कुमार बघेल, कमलेश्वर बर्मन, गौरी कश्यप और श्रीचंद ध्रुव शामिल हैं। इन सभी ने अपराधों के निराकरण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता, डायल 112 के जरिए आपातकालीन सहायता और गोपनीय सूचनाएं जुटाने जैसे कार्यों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
एसपी गौरव राय ने पुलिसकर्मियों के काम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली और समर्पण से दूसरे कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिलेगी। पुलिस विभाग के अनुसार, ऐसे सम्मान से पुलिस बल में बेहतर कार्य करने का उत्साह बढ़ता है। जिले में अपराध नियंत्रण, मामलों की त्वरित जांच और नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
