मोबाइल खरीदने निकले दोस्तों की खुशियां मातम में बदलीं! तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, एक की मौत

Follow Us

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दर्दनाक सड़क हादसे ने चार दोस्तों की जिंदगी बदल दी। अकलतरा-खटोला मार्ग पर बाइक और कार की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, ग्राम कोटगढ़ के चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मोबाइल खरीदने अकलतरा जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि 25 वर्षीय भूपेंद्र धीवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में बुधराम धीवर, डेमन धीवर और भोलू गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले अकलतरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया। सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।