सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जंगलों में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। नेशनल हाईवे-130 से लगे ग्राम कुंवरपुर के जंगल में भीषण आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते करीब एक किलोमीटर क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। इस आग से जंगल में मौजूद पेड़-पौधों को भारी नुकसान पहुंचा है, वहीं पर्यावरण पर भी गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में बार-बार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
आरोप है कि, अज्ञात लोग जानबूझकर आग लगा रहे हैं, लेकिन इसे रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। हैरानी की बात यह है कि, घटनास्थल के पास ही वन विभाग का कार्यालय होने के बावजूद समय पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लखनपुर वनपरिक्षेत्र अधिकारी रामनिवास दहायत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आग लगाने वालों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने वन संपदा और वन्यजीवों के लिए खतरा पैदा कर दिया है। प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
