कोरबा। अगर आप बाहर खाने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपको सचेत करने वाली है। कोरबा जिले में मिलावटखोरों और मानक विहीन खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे कड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शहर के विभिन्न होटलों और दुकानों से लिए गए सैंपल लैब टेस्ट में फेल पाए गए, जिसके बाद एडीएम (ADM) कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए करीब एक दर्जन दुकानदारों पर 25 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक का भारी जुर्माना लगाया है।

इस दंडात्मक कार्रवाई की जद में शहर के कई बड़े नाम आए हैं। कोर्ट ने दर्री स्थित स्वाद रेस्टोरेंट पर सबसे अधिक 1 लाख रुपये का जुर्माना ठोंका है। इसके अलावा जय कृष्ण डेली नीड्स पर 60 हजार, मुरली होटल और बीकानेर स्वीट्स पर 50-50 हजार, युवराज ट्रेडर्स पर 30 हजार, श्याम स्वीट्स पर 25 हजार और डेयरी संचालकों पर 20 हजार रुपये तक का अर्थदंड लगाया गया है। प्रशासन की यह कार्रवाई केवल यहीं तक सीमित नहीं है; अब बालाजी वाटन, नेचुरल स्वीट्स, निर्मल डेयरी और अपना मार्ट जैसे संस्थानों के खिलाफ भी प्रकरण तैयार कर लिए गए हैं, जिन पर जल्द ही गाज गिर सकती है।

इसी कड़ी में खाद्य विभाग की टीम ने शहर में चल रहे डिज्नीलैंड मेले का भी औचक निरीक्षण किया। वहां संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि खाद्य सामग्री में हानिकारक रंगों का प्रयोग न करें और पानी की बोतलें निर्धारित MRP से अधिक दाम पर न बेचें। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि, जनता की सेहत के साथ समझौता करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे खरीदारी करते समय गुणवत्ता के प्रति जागरूक रहें।
