त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 12 नमूने जांच के लिए संकलित

Follow Us

खैरागढ़। नवरात्र और त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जिले में सघन निरीक्षण अभियान चलाया है। अभियान के तहत किराना दुकानों, जनरल स्टोर्स और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर कुल 12 नमूने संकलित किए गए हैं। इनमें आठ विधिक और चार सर्विलांस नमूने शामिल हैं। विभाग का उद्देश्य लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने 7 से 12 अक्टूबर के बीच विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मैगी, ओट्स, रिफाइंड तेल, बिस्किट, सूजी टोस्ट, समोसा, साबूदाना बड़ा, इंस्टेंट इडली, सिंघाड़ा आटा, साबूदाना और खम्मन ढोकला आटा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इनकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच की जाएगी।

विभाग द्वारा ‘हर लेबल कुछ कहता है’ अभियान के तहत उपभोक्ताओं को पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, सामग्री की जानकारी, निर्माता का विवरण और एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर जांचने के लिए जागरूक किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कारोबारियों से निर्धारित मानकों का पालन करने और सुरक्षित खाद्य सामग्री बेचने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना संकलन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।