धूमा में ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ के तहत शुरू हुआ पहला बालिका शौचालय

Follow Us

रायपुर। गांधी जयंती के अवसर पर धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड की ग्राम पंचायत धूमा में ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के तहत राज्य का पहला बालिका शौचालय शुरू किया गया। विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत बने इस शौचालय का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षित वातावरण की सुविधा उपलब्ध कराना है। गुलाबी रंग से तैयार शौचालय के उद्घाटन कार्यक्रम में बच्चियों ने स्वच्छता, सुरक्षा और बेटियों के सम्मान का संदेश लिखी तख्तियां लेकर हिस्सा लिया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और बच्चों की मौजूदगी से कार्यक्रम खास रहा।

‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 6 अगस्त 2026 को वीबी-जी राम जी के तहत की थी। यह अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश के ग्रामीण इलाकों के 6,671 सरकारी स्कूलों में करीब 286.85 करोड़ रुपये की लागत से बालिका शौचालय बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के जरिए छात्राओं को स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और गरिमा के अनुकूल माहौल तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।

धूमा में बने शौचालय के निर्माण की प्रगति पर लगातार निगरानी भी रखी गई। विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने कुरूद विकासखंड के दौरे के दौरान ग्राम पंचायत धूमा पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था। उन्होंने काम की प्रगति के साथ श्रमिकों को मजदूरी भुगतान की जानकारी ली और अधिकारियों को समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए थे। करीब एक महीने बाद गांधी जयंती पर इसका उद्घाटन हुआ। अभियान के तहत 26 जनवरी 2027 तक राज्य के सभी स्कूलों में छात्राओं के लिए शौचालय सुविधा सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।