दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज, रायपुर में कथित धर्मांतरण को लेकर हंगामा

Follow Us

रायपुर । राजधानी रायपुर में कथित धर्मांतरण को लेकर शनिवार रात जमकर विवाद हुआ। गांधी चौक-न्यू आनंद नगर निवासी 32 वर्षीय तरेन्द्र कुमार वर्मा ने तीन महिलाओं पर प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक के तहत रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में यह पहली एफआईआर है।

जानकारी के मुताबिक, तरेन्द्र कुमार वर्मा मोबाइल दुकान चलाता है। उसकी सुषमा कौशिक, लक्ष्मी निषाद और सुरेखा रंगारे से पहले से जान-पहचान थी और तीनों महिलाओं का उसकी दुकान पर आना-जाना था। तरेन्द्र ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि तीनों महिलाओं ने हिंदू धर्म को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं और उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया।

अड्डेबाजों और निगरानी बदमाशों पर पुलिस की सख्ती, 11 मामलों में 12 लोगों पर कार्रवाई

शिकायत के अनुसार, महिलाओं ने उसे यीशु की प्रार्थना करने से दुख-दर्द और बीमारी दूर होने की बात बताई। सुषमा ने तरेन्द्र को अपने घर में आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए बुलाया था। 21 अगस्त को दोपहर करीब 2:30 बजे तरेन्द्र सुषमा के घर के पास पहुंचा। वहां करीब 20 से 25 लोग प्रार्थना कर रहे थे। आरोप है कि इसके बाद सुषमा, लक्ष्मी और सुरेखा ने उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहा और प्रार्थना की शक्ति के बारे में जानकारी दी।

घटना के बाद तरेन्द्र ने अपने दोस्तों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद हिंदू संगठन से जुड़े लोग तीनों महिलाओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने खमतराई थाने पहुंचे। इसी दौरान मसीही समाज के लोग भी थाने पहुंच गए और मामले को लेकर विरोध जताया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से थाना परिसर में विवाद की स्थिति बन गई। देर रात तक दोनों पक्ष थाने में मौजूद रहे। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।