अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से राम मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए आवेदन मांगे जाने के बाद देशभर से बड़ी संख्या में लोगों ने रुचि दिखाई है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के सिर्फ 24 घंटे के अंदर ही इस पद के लिए 1000 से ज्यादा आवेदन ट्रस्ट को मिल चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, आवेदन करने वालों में सबसे अधिक संख्या रिटायर्ड आईएएस, आईपीएस और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की है। ट्रस्ट ने सीईओ (CEO) चयन के लिए तीन सदस्यीय सर्च कमेटी का गठन किया है, जो उम्मीदवारों की योग्यता और अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी।
आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 18 जुलाई तय की गई है। माना जा रहा है कि अंतिम तिथि तक उम्मीदवारों की संख्या और बढ़ सकती है। सर्च कमेटी आवेदनों की जांच के बाद योग्य उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाएगी। CEO चयन की जिम्मेदारी सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) विष्णुकांत चतुर्वेदी और वरिष्ठ वैज्ञानिक सुरेश हावड़े की समिति को दी गई है। इस पद के लिए उम्मीदवार की उम्र 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए और कम से कम 20 साल का प्रशासनिक अनुभव जरूरी है। चयनित CEO को अयोध्या में रहकर मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
