मुंबई। स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर अपने व्यवहार को लेकर चर्चा में हैं। मंगलवार, 14 जुलाई को मुंबई के खार स्थित द हैबिटैट में ‘इंडियाज़ गॉट लेटेंट सीजन 2’ की शूटिंग खत्म करने के बाद बाहर निकले समय रैना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा गया कि शो की शूटिंग के बाद समय रैना को देखने के लिए पैपराज़ी और फैंस की बड़ी भीड़ जमा हो गई थी। इसी दौरान भीड़ में अफरा-तफरी मच गई और एक फोटोग्राफर का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह जमीन पर गिर गया।
घटना को देखते ही समय रैना वहां रुके और तुरंत पैपराज़ो की मदद के लिए आगे आए। उन्होंने फोटोग्राफर को उठाया और यह सुनिश्चित किया कि वह ठीक से खड़ा हो जाए। इसके बाद ही वे अपनी कार की ओर रवाना हुए। समय रैना के इस व्यवहार की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। फैंस ने उनकी सादगी और मदद करने की भावना की सराहना करते हुए कहा कि छोटी-सी मदद भी किसी के लिए बड़ा मायने रख सकती है। बता दें कि ‘इंडियाज़ गॉट लेटेंट सीजन 2’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। शो के नए एपिसोड में राखी सावंत और अशनीर ग्रोवर जैसे पैनलिस्ट नजर आने वाले हैं। इससे पहले शो में आलिया भट्ट, शरवरी, हर्ष लिम्बाचिया, कीकू शारदा और चंदन प्रभाकर जैसे मेहमान शामिल हो चुके हैं।
